![]()
बहराइच में ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले सोमवार को रोजगार सेवकों ने जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष पंकज मिश्रा के नेतृत्व में रोजगार सेवक सुबह 11 बजे विकास भवन से नारेबाजी करते हुए अस्पताल चौराहा पहुंचे। यहां उन्होंने सदर से भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल और विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी को एक मांग पत्र सौंपा। जिलाध्यक्ष ने बताया कि जन प्रतिनिधियों को पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया है। इसमें ग्राम रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, मानदेय में वृद्धि करने और समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। जिला मीडिया प्रभारी दिनेश बोट ने इस दौरान बताया कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश में ग्राम रोजगार सेवकों को सबसे कम मानदेय मिलता है। वर्तमान में उन्हें 7,788 रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जिससे उनका जीविकोपार्जन मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मांग की कि मानदेय बढ़ाकर कम से कम 24 हजार रुपए किया जाए। विधायक अनुपमा जायसवाल और विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी ने रोजगार सेवकों को आश्वासन दिया कि वे उनकी मांगों को सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रमेश शुक्ला, राम सिंह चौहान, प्रमुख कुमार, पंकज मौर्या, अनिल कुमार, सुरेश यादव, राजकुमार वर्मा, साबित अली, भगवान प्रसाद तिवारी, अरविंद यादव, मनोज मिश्रा, संजीव चौहान, मदन मुरारी, इरफान अहमद, सतीश सिंह, अरविंद कुमार मिश्रा, उमेश चंद्र साहू, गायत्री देवी, सावित्री देवी, गीता सिंह, मीना वर्मा, सुभाषिनी सिंह, किरन वर्मा और मंजू देवी सहित सैकड़ों रोजगार सेवक मौजूद रहे।
Source link
रोजगार सेवकों का प्रदर्शन, विधायक-MLC को सौंपा ज्ञापन:बहराइच में राज्य कर्मचारी का दर्जा और मानदेय वृद्धि की मांग