नाले में गिरकर दो साल के बच्चे की मौत:देवरिया में बेटे को बचाने मां ने लगाई छलांग, मायके घूमने आई थी महिला


देवरिया के गौरीबाजार में कुर्ना नाले में गिरने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। बच्चा सुबह खेलते समय नाले में गिर गया था। अपने बेटे को डूबता देख मां ने उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी। हालांकि, काफी प्रयासों के बाद भी बच्चे को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के रसौली गांव निवासी अजय प्रसाद की पत्नी सोनी बेटे अभिजीत के साथ कुछ दिनों से मायके पहाड़पुर के रुहिया टोला में अपने पिता पप्पू प्रसाद के घर आई हुई थीं। उनका परिवार गांव के बाहर कुर्ना नाले के पास एक झोपड़ी बनाकर रह रहा था। यह घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे हुई। अभिजीत कुर्ना नाले पर बने पुल के पास खेल रहा था। खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी होते ही मां सोनी ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए तुरंत नाले में कूद पड़ीं। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस अभिजीत को तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गई, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिवार में शोक का माहौल है। छोटी सी लापरवाही बन रही हादसों की वजह हाल के दिनों में मासूम बच्चों की असावधानी के कारण जान जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। करीब एक माह पहले लार नगर में एक मासूम निर्माणाधीन शौचालय में गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। वहीं एक साल पहले मईल थाना क्षेत्र में ननिहाल गए दो मासूमों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार हो रहे ऐसे हादसे इस बात की ओर इशारा करते हैं कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवारों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *