युवती से छेड़छाड़, पुलिस ने 8 घंटे में पकड़ा:दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू भी बरामद; आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाईं


मुजफ्फरनगर में युवती से छेड़छाड़ और धमकी देने की घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर शाम करीब 7 बजे गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को दोनों के पास से दो चाकू भी मिले। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गईं। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को साकेत कॉलोनी निवासी युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि वह डाकखाने वाली गली से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय अनुज कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, खांजापुर बुढ़ाना मोड़ तथा एक 15 वर्षीय बाल किशोर शामिल है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो अवैध चाकू बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अनुज कुमार के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। वहीं बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या गिरोह से कोई संबंध तो नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *