भाजपा नेता गोरेलाल पांडे से अभद्रता:आंदोलनकारी छात्रों ने गाड़ी पर फेंके पत्थर, थाने में दी तहरीर


ज्ञानपुर में शनिवार दोपहर आंदोलनरत छात्रों ने भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष गोरेलाल पांडे के साथ अभद्र व्यवहार किया। छात्रों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके और भाजपा का झंडा हटा दिया। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने ज्ञानपुर थाने में उपद्रवियों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष गोरेलाल पांडे शनिवार दोपहर ज्ञानपुर नगर से गुजर रहे थे। इसी दौरान आंदोलनकारी छात्रों ने उन्हें रोका, उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनकी गाड़ी पर लगे भाजपा के झंडे को निकाल कर फेंक दिया। छात्रों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर भी फेंके। पांडे किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर जिले के भाजपा नेता और पदाधिकारी गोरेलाल पांडे के साथ ज्ञानपुर थाने पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि ज्ञानपुर नगर में छात्रों के रूप में समाजवादी गुंडों ने जिस तरह से गोरेलाल पांडे के साथ व्यवहार किया, वह निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। मिश्रा ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना सभी का अधिकार है, लेकिन इस तरह का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में थाना अध्यक्ष ज्ञानपुर रामसरिक ने बताया कि भाजपा नेता द्वारा तहरीर मिली है। मामले की जांच कर चार-पांच नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी अन्य लोग सामने आएंगे, उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा नेता शैलेंद्र दुबे, नागेंद्र सिंह, बाल दत्त पांडे, सुरेंद्र पांडे, रत्नाकर पाठक और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व भाजपा नेता अशोक जायसवाल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *