पीलीभीत8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पीलीभीत में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार रात NEET और CBSE परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कैंडल मार्च और सत्याग्रह किया। रात करीब 8 बजे आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में निकाला कैंडल मार्च
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा के नेतृत्व में आयोजित कैंडल मार्च में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार करने की मांग की।
‘युवाओं के भविष्य से समझौता स्वीकार नहीं’
जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा ने कहा, “देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी सूरत में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी युवाओं, छात्रों और अभिभावकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनकी आवाज लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर संसद तक उठाती रहेगी।”
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष श्रीकृष्ण गंगवार, एआईसीसी सदस्य एडवोकेट ईश्वर दयाल पासवान, पीसीसी सदस्य यूसुफ मलिक, जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट मुनेन्द्र पाल सक्सेना, महासचिव नरेश शुक्ला, डॉ. नागेश पाठक, किरणपाल सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने और छात्रों के हित में आवश्यक सुधार जल्द लागू करने की मांग की।
