![]()
हाथरस में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्कूली वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, कागजात और बच्चों के सुरक्षित आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहन के अंदर स्कूली बच्चों से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी ली और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने बच्चों को सलाह दी कि वे यात्रा के दौरान हमेशा बस की निर्धारित सीट पर बैठें और चलती बस में इधर-उधर न घूमें, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी किसी भी दुर्घटना से बचा सकती है। अधिकारियों ने बस चालकों और परिचालकों को भी सख्त निर्देश दिए। उनसे कहा गया कि बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वाहनों का संचालन निर्धारित गति सीमा के भीतर और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किया जाए। जिलाधिकारी ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क पर अनुशासन बनाए रखने, वाहन में चढ़ते-उतरते समय सावधानी बरतने और चालक के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
Source link
डीएम-एसपी ने स्कूली वाहनों की चेकिंग की:बच्चों से बात की, कहा- निर्धारित सीट पर बैठें, चलती बस में न घूमें