कुशीनगर में भाजपा नेता पर जातिसूचक टिप्पणी का मुकदमा:ब्राह्मण-राजपूत समाज के खिलाफ टिप्पणी का आरोप, आरोपित नेता बोले- मुझे उकसाया गया गलती से निकला


कुशीनगर में सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो को लेकर भाजपा नेता दिनेश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ऑडियो में ब्राह्मण और राजपूत समाज के खिलाफ आपत्तिजनक व जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। वहीं, भाजपा नेता ने बयान को आवेश में कही गई बात बताते हुए सफाई दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, एफआईआर 24 जुलाई 2026 को तड़के रात 1:36 बजे दर्ज की गई। आरोपी की पहचान दिनेश गुप्ता पुत्र हरिकिशुन गुप्ता, निवासी खेसारी गिट्ठा, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में भाजपा गोरखपुर क्षेत्र पिछड़ा मोर्चा के कोषाध्यक्ष हैं। इन लोगों ने दर्ज कराई शिकायत कसया क्षेत्र के झुंगवा गांव निवासी रवि शंकर पांडेय, अजीत प्रताप राव, विजय शर्मा और अंकित मिश्रा सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल ऑडियो में आरोपी ने सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण और राजपूत समाज के खिलाफ अपमानजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक वैमनस्य, तनाव और जातीय विद्वेष को बढ़ावा दे सकती हैं। इसी आधार पर पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने शुरू की जांच कसया थानाध्यक्ष इत्यानंद पाण्डेय ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर विवेचना शुरू कर दी गई है। वायरल ऑडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। भाजपा नेता ने दी सफाई आरोपी भाजपा नेता दिनेश गुप्ता ने अपनी सफाई में कहा कि वायरल ऑडियो एक बातचीत का हिस्सा है, जिसमें उन्हें लगातार उकसाया जा रहा था। उनका कहना है कि आवेश में उनके मुंह से कुछ ऐसे शब्द निकल गए, जो नहीं निकलने चाहिए थे। उन्होंने इसे अपनी गलती मानते हुए संदर्भ सहित मामले को देखने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- वरिष्ठ नेतृत्व करेगा निर्णय भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि उन्हें वायरल ऑडियो की जानकारी मिली है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी ऐसे मामलों को गंभीरता से लेती है। उनके अनुसार, इस प्रकरण में आगे का निर्णय पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *