उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल जनकपुरी महोत्सव 2026 का शंखनाद गुरुवार को भावना एस्टेट आवासीय परिसर से हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ केंद्रीय कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
.
इसी मौके पर एकेजी ग्रुप के प्रमुख अशोक कुमार गोयल को राजा जनक और उनकी धर्मपत्नी लता गोयल को रानी सुनयना के स्वरूप के लिए घोषित किया गया। कार्यक्रम में महोत्सव की पहली कार्यकारिणी भी घोषित की गई और आयोजन को भव्य व ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

जनकपुरी केंद्रीय कार्यालय का हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाज से हवन-पूजन के साथ हुई। जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने पत्नी अनीता यादव के साथ हवन संपन्न कराया। इसके बाद श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने फीता काटकर जनकपुरी महोत्सव 2026 के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया।

पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया कार्यालय का उद्घाटन
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि पहली बार भावना एस्टेट क्षेत्र को जनकपुरी महोत्सव की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग से जुड़ा यह आयोजन क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का काम करेगा।
समिति अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने बताया कि इस बार राजा जनक का स्वरूप अशोक कुमार गोयल और रानी सुनयना का स्वरूप लता गोयल निभाएंगी। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सनातन परंपरा का उत्सव है। उन्होंने पहली कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए बताया कि शेष पदाधिकारियों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित बैठे राजा दशरथ और माता कौशल्या स्वरूप
घोषित कार्यकारिणी में भगत सिंह बघेल, डॉ. ए.के. सिंह और अशोक कुमार गुप्ता को मार्गदर्शक, संतोष कटारा को मुख्य संरक्षक, संजय गोयल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मनोज बंसल को मुख्य संयोजक, धर्मेश जैन को मुख्य समन्वयक, अंकुश मित्तल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनोज जादौन को महामंत्री, आकाश गोयल ग्वाला को कोषाध्यक्ष, राणा सुशील सिंह को मीडिया प्रभारी और अरविंद शर्मा को स्वागताध्यक्ष बनाया गया।
वैदेही का कन्यादान जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य : अशोक गोयल
राजा जनक के स्वरूप की घोषणा के बाद अशोक कुमार गोयल और उनकी पत्नी लता गोयल भावुक हो गए। अशोक गोयल ने कहा कि माता जानकी के पिता के रूप में कन्यादान करने का अवसर मिलना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने इसे प्रभु श्रीराम और माता जानकी की विशेष कृपा बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री का विवाह अभी होना बाकी है, ऐसे में उससे पहले माता जानकी के पिता बनने का अवसर मिलना उनके लिए ईश्वर का विशेष आशीर्वाद है।
कार्यक्रम में पहले से घोषित राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, रानी कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल सहित श्री रामलीला कमेटी और जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।