फिरोजाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:पांच महीने पहले पिता का हुआ था निधन, हाईवे पर हुआ हादसा


फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में गुरुवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जयपुरिया स्कूल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने चिकित्सक के मौके पर मौजूद न होने पर नाराजगी जताई। हाईवे पर हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, थाना मक्खनपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित जयपुरिया स्कूल के पास अज्ञात वाहन ने नवीन प्रकाश (30) पुत्र विद्याराम को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में तोड़ा दम सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को शिकोहाबाद के संयुक्त जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने चिकित्सक के मौके पर मौजूद न होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। कुछ देर तक अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। परिजनों ने बताया कि नवीन प्रकाश के पिता का करीब पांच महीने पहले ही निधन हो गया था। नवीन अपने भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *