![]()
फिरोजाबाद के पचोखरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि यह कार्रवाई 21 जुलाई की रात को कोटकी निवासी मुकेश कुमार बघेल की दुकान ‘जय अंबे ट्रेडर्स’ में हुई चोरी के संबंध में की गई। चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर कॉपर लीड होल्डर और 10 हजार रुपये चुरा लिए थे। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का आरोपी श्रीनगर पैठ रोड पर चोरी का सामान बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। जब पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने को कहा, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अंग्रेज उर्फ शिवम (पुत्र ओमबाबू, निवासी कस्बा पचोखरा) के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक खोखा कारतूस, तांबे के तार का बंडल और चोरी के 4,000 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अंग्रेज उर्फ शिवम का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
Source link
फिरोजाबाद में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़:चोरी के आरोपी को पैर में लगी गोली, अस्पताल में कराया भर्ती