ललितपुर में प्रवेश द्वार की टाइल्स गिरी, दो छात्राएं घायल:एक छात्रा मेडिकल कॉलेज में भर्ती, निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप


ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र के स्टेशन रोड पर स्थित सिविल लाइन प्रथम में बुधवार शाम एक प्रवेश द्वार की टाइल्स अचानक टूटकर गिर गईं। इस घटना में दो छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें से एक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस कॉलोनी निवासी आरती देवी (20) अपनी सहेली रिया (21) के साथ वार्ड नंबर 9 स्थित लाइब्रेरी से पढ़कर लौट रही थीं। शाम करीब 6:30 बजे जब वे जिला पंचायत के पास नगर पालिका द्वारा निर्मित प्रवेश द्वार से गुजर रही थीं, तभी लगभग 15 फीट की ऊंचाई से टाइल्स टूटकर उन पर जा गिरीं। टाइल्स गिरने से आरती देवी के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया, जबकि रिया के पैर में चोट लगी। दोनों छात्राओं को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। आरती देवी को सिर में पांच टांके आने के बाद अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। रिया को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रवेश द्वार के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह स्वागत द्वार नगर पालिका परिषद द्वारा कुछ साल पहले बनाया गया था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में यह तीसरी बार है जब इस प्रवेश द्वार की टाइल्स गिरी हैं। लगातार टाइल्स गिरने से भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *