विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस कर CM को जवाब दिया:बोले- 180 विकास प्रस्ताव भेजे, सीएम ने कहा था- योजनाओं के लिए मिलने नहीं आते


बाराबंकी में सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सीएम ने महादेवा की जनसभा में कहा था कि रामनगर के विधायक विकास योजनाओं को लेकर उनसे मुलाकात नहीं करते। इस पर समाजवादी पार्टी के विधायक और पूर्व मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई ने पलटवार किया है। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बाराबंकी स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रामनगर से सपा विधायक किदवई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को पूरी तरह निराधार बताया। विधायक किदवई ने दावा किया कि उन्होंने रामनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अब तक लगभग 180 विकास प्रस्ताव शासन को भेजे हैं। उन्होंने पत्रकारों के सामने इन प्रस्तावों की प्रतियां भी प्रस्तुत कीं। किदवई ने कहा कि 20 जुलाई को महादेवा की जनसभा में मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यों से परे हैं। विधायक ने यह भी बताया कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लगातार सरकार के समक्ष उठाया है। इनमें बुढ़वल चीनी मिल को दोबारा चालू कराना, धन्नाग तीर्थ स्थल पर रैन बसेरे का निर्माण, तालाबों की सफाई और कुर्सी क्षेत्र के महिला पॉलिटेक्निक को दोबारा संचालित कराने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। किदवई ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके द्वारा भेजे गए किसी भी प्रमुख प्रस्ताव पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने दोहराया कि वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *