खाद संकट, स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:नेता बोले- किसानों को डीएपी और यूरिया नहीं मिल रही, घंटों लग रही लाइन


इटावा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार दोपहर 12 बजे जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को खाद की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा कि जिले में खरीफ फसल की बुवाई और रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन किसानों को डीएपी और यूरिया की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। खाद लेने के लिए किसानों को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है और कई बार सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि नहरों में पर्याप्त पानी नहीं है और कम वर्षा के कारण खेती प्रभावित हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं। शहर अध्यक्ष मो. राशीद ने कहा कि प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटरों में बिजली की खपत अधिक दर्ज हो रही है, जिससे लोगों के बिजली बिल बढ़ गए हैं। महंगाई के दौर में इससे आम जनता की मुश्किलें और बढ़ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार से किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने, नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने तथा स्मार्ट मीटरों की जांच कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष अलखान सिंह यादव, निवर्तमान शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, पीसीसी सदस्य प्रशांत तिवारी, अरुण यादव, शोजब रिजवी, अंसार अहमद, आसिफ जादरान, करन सिंह राजपूत, अमन तिवारी, पंकज राजपूत, रश्मि, मोहन लाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *