जंतर मंतर में लाठीचार्ज पर रायबरेली में कांग्रेस का प्रदर्शन:राहुल-प्रियंका की हिरासत और किसानों के मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन


रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों, जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज तथा किसानों की समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के देशव्यापी आह्वान के तहत कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला और धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। इस विरोध प्रदर्शन में युवाओं से लेकर बुजुर्ग कांग्रेसियों तक में उत्साह देखा गया। कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शन का मुख्य कारण दिल्ली के जंतर-मंतर और प्रधानमंत्री आवास के पास नीट (NEET) परीक्षार्थियों तथा युवा नेताओं पर पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज है। उन्होंने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी छात्रों तथा जनमुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री से वार्ता या शांतिपूर्ण प्रदर्शन का प्रयास करते हैं, तो सरकार उनके साथ तानाशाही रवैया अपनाती है और उन्हें हिरासत में ले लेती है। किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। जिले में धान की रोपाई का समय अंतिम चरण में है, लेकिन किसानों को समय पर खाद और पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। कम बारिश के कारण पहले से ही प्राकृतिक मार झेल रहे किसानों को सरकारी व्यवस्था की लापरवाही का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक और मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *