![]()
नेपाल से निकली बानगंगा नदी में आई तेज जलधारा और कटान के कारण शोहरतगढ़ के नवडीहवा गांव में हाईटेंशन बिजली का खंभा नदी में गिर गया। इससे करीब 500 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जबकि लगातार कटान से कई मकानों और बसहिया-शोहरतगढ़ संपर्क मार्ग पर भी खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, बानगंगा नदी पिछले कई वर्षों से गांव के उत्तर-पश्चिमी छोर पर लगातार कटान कर रही है। पिछले वर्ष इसी कटान की चपेट में आकर ग्रामीण खदेरू का पक्का मकान नदी में समा गया था। इससे पहले भी कई परिवारों को अपने घर और जमीन गंवानी पड़ी है। इस वर्ष मानसून की शुरुआत में ही नदी का रौद्र रूप सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बिजली का खंभा गिरने की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग को इसकी जानकारी दी गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से बरसात के मौसम में ग्रामीणों को रात के समय अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बढ़ गया है। नदी के लगातार कटान के कारण गांव के सोमराज और जोखन समेत कई परिवारों के घरों पर खतरा मंडरा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीण राजेंद्र यादव, खदेरू, हरिश्चंद्र, रामकुमार, राजमन, सोमराज, जोखन और शिवबालक यादव ने बताया कि नदी कटान की समस्या को लेकर उन्होंने कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को अवगत कराया है। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक कोई स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया है। इससे हर वर्ष बरसात में गांव के लोगों की चिंता बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि कटान की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो नदी के उत्तर-पश्चिमी छोर पर पुल के समीप हो रहा भीषण कटाव बसहिया-शोहरतगढ़ संपर्क मार्ग के लिए भी खतरा बन सकता है। कटान बढ़ने पर सड़क का संपर्क टूटने के साथ ही पुल की सुरक्षा पर भी संकट गहरा सकता है।
Source link
बानगंगा के कटान में गिरा हाईटेंशन बिजली का खंभा:सिद्धार्थनगर में 500 घरों की बिजली गुल, ग्रामीणों ने मांगा स्थायी समाधान