देवरिया में सड़क हादसे में युवक की मौत:बाजार से खरीदारी कर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर


देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे युवक को सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान औरा चौरी निवासी बलिंदर राजभर (40) पुत्र छेदी राजभर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बलिंदर सोमवार रात जिला मुख्यालय से खरीदारी कर ई-रिक्शा से औरा चौरी चौराहे तक पहुंचे थे। वहां से वह पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बलिंदर को तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल राकेश राय ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *