रिजवान खान | मेरठ2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक महिला पर ब्लेड से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात के करीब पांच घंटे के भीतर आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना एनएएस कॉलेज के पास हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। सोमवार देर शाम आरोपी को मीडिया के सामने पेश किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वसीम और पीड़िता महिला कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। रविवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते वसीम ने महिला पर ब्लेड से कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को घर भेज दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से हमले के पीछे की असल वजह और दोनों के बीच चल रहे विवाद की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा।
