मेरठ में फ्लाईओवर पर कंटेनर ने युवक को कुचला:मंदिर से लौटते समय हादसा, पिता की शिकायत पर केस दर्ज


मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में अतुल माहेश्वरी फ्लाईओवर पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। चालक हादसे के बाद वाहन सहित फरार हो गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। मोहकमपुर निवासी जयकरण ने ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मनीष 14 जुलाई की रात करीब 9:20 बजे माधवपुरम स्थित हनुमान मंदिर से प्रसाद चढ़ाकर बाइक से घर लौट रहा था। अतुल माहेश्वरी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनीष कंटेनर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी चालक पर लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।मृतक के परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *