तेज रफ्तार डंपर ने ली युवक की जान:प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल


आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना माल गोदाम के पास हुई। मृतक की पहचान जीवनी मंडी निवासी विष्णु के रूप में हुई है। बताया गया कि विष्णु अपनी दुकान से बाइक से घर लौट रहे थे, तभी माल गोदाम के पास तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर एत्माद्दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चालक की तलाश जारी है और मामले की जांच के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस मार्ग पर दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है, वहां रोजाना ट्रैक्टर, डंपर और सीमेंट से लदे भारी वाहन बेखौफ गुजरते देखे जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि माल गोदाम क्षेत्र में लंबे समय से नियमों की अनदेखी हो रही है, लेकिन संबंधित विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। यह घटना प्रतिबंधित क्षेत्र में डंपर की मौजूदगी और यातायात नियमों के पालन तथा प्रशासनिक निगरानी पर बड़ा सवाल उठाती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *