झांसी में कॉलेज स्टूडेंट से मारपीट का आरोप:LLB में एडमिशन लेने आए युवक ने कहा-टीचर मांग रहे थे खर्च-पानी, प्रिंसिपल बोले-झूठे आरोप लगा रहा छात्र


झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने आए एक छात्र ने कॉलेज के प्रवक्ताओं पर मारपीट और पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि उसके दस्तावेजों को फर्जी बताकर पहले उसे शाम को मिलने के लिए कहा गया और “खर्च-पानी” देने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। शनिवार को लौटाया, सोमवार को बुलाया छात्र अनुज सिंह ने बताया कि एलएलबी फर्स्ट ईयर की मेरिट सूची में नाम आने के बाद वह शनिवार को प्रवेश लेने कॉलेज पहुंचा था। आरोप है कि प्रवेश प्रक्रिया देख रहे शिक्षक मीटिंग का हवाला देकर चले गए और उसे सोमवार को आने के लिए कहा गया। ‘दस्तावेज फर्जी हैं, शाम को मिलना’ अनुज का आरोप है कि सोमवार को कॉलेज पहुंचने पर शिक्षकों ने कहा कि उसके दस्तावेज उत्तराखंड के हैं और उन्हें फर्जी लग रहे हैं। इस पर उसने दस्तावेजों की जांच कराने की बात कही। छात्र का आरोप है कि इसी दौरान एक शिक्षक ने उसे शाम को मिलने और “कुछ खर्च-पानी” देने की बात कही। विरोध पर मारपीट का आरोप छात्र का कहना है कि उसने उसी समय प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की बात कही, जिस पर शिक्षकों ने एडमिशन देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान गाली-गलौज हुई और एक अन्य शिक्षक ने उसके साथ मारपीट कर दी। प्राचार्य बोले- आरोप निराधार, छात्र पर होगी कार्रवाई कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस.के. राय ने छात्र के सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। उनके अनुसार छात्र जो ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र लेकर आया था, वह प्रवेश के लिए मान्य नहीं था। प्राचार्य ने कहा कि छात्र ने ही अनुशासनहीनता की है, जिसके चलते उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों के दावे आमने-सामने फिलहाल मामले में छात्र और कॉलेज प्रशासन के बयान एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। छात्र ने मारपीट और पैसे मांगने का आरोप लगाया है, जबकि कॉलेज प्रशासन ने आरोपों से इनकार करते हुए छात्र के व्यवहार को अनुशासनहीन बताया है। घटना के समय पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक मामले में किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *