सुलतानपुर में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:खेत से लौटने के बाद सोया; दोबारा उठा नहीं; पुलिस जांच में जुटी


सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मगरावा गांव में सोमवार कोशाम लगभग 3 बजे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लगभग 22 वर्षीय प्रिंस कुमार का शव उसके कमरे में मिला है। मृतक के पिता रमेश कुमार ने बताया कि प्रिंस सुबह लगभग 5 बजे उनके साथ खेत पर काम करने गया था। खेत से लौटने के बाद उसने खाना खाया और अपने कमरे में जाकर लेट गया। उस दौरान कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। दोपहर लगभग 3 बजे जब परिजनों ने प्रिंस को किसी काम के लिए बुलाया, तो वह नहीं उठा। कमरे में जाकर देखने पर उसकी मौत का पता चला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता रमेश कुमार के अनुसार, प्रिंस ने मौत से पहले किसी तरह की तकलीफ या घटना के बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं दी थी। इससे मौत के सटीक कारण का तुरंत पता नहीं चल सका है। जहरीले जीव के काटने या किसी अन्य अनहोनी की आशंका पर भी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराना चाहा, लेकिन परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए। प्रिंस कुमार अपने चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। उनके पिता रमेश कुमार रिक्शा चलाने के साथ-साथ खेती-किसानी का काम भी करते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *