Muzaffarnagar Kanwar Yatra 2026 Preparations

वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मुजफ्फरनगर में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सोमवार को प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण मुज़फ़्फ़रनगर पहुंचेंगे। दोनों वरिष्ठ अधिकारी जनपद में कांवड़ यात्रा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।

लखनऊ मुख्यालय से जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य सचिव और डीजीपी दोपहर करीब 3:30 बजे मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले वो शिव चौक एवं कांवड कंट्रोल रूम का निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद सहारनपुर, मुज़फ़्फ़रनगर और शामली के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करेंगे।

इस दौरान कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं के अलावा जन शिकायतों, साइबर क्राइम, यक्ष ऐप, ई-एविडेंस, ई-समंस, मिशन शक्ति, CCTNS के तहत 60 और 90 दिन में विवेचना की प्रगति तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की जाएगी।

मुख्य सचिव और डीजीपी के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए पूरा पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। रविवार अपराह्न करीब 4 बजे SP सिटी अमृत जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शिव चौक पहुंचे और कांवड़ कंट्रोल रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, निगरानी व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

अधिकारियों का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब कुछ ही दिनों में लाखों–करोड़ों शिवभक्त कांवड़ लेकर मुज़फ़्फ़रनगर से होकर गुजरेंगे। ऐसे में शासन किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं चाहता और यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित तथा दुर्घटनामुक्त बनाने पर विशेष फोकस कर रहा है।

मुज़फ़्फ़रनगर आने से पहले मुख्य सचिव और डीजीपी सुबह मेरठ पहुंचेंगे। वहां अंतर्राज्यीय एवं अंतरजनपदीय समन्वय बैठक में उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली सहित मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद बाबा औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल एवं साइबर मॉनिटरिंग सेल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुज़फ़्फ़रनगर के लिए रवाना होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *