नकली सोना गिरवी रख 1.89 लाख का गोल्ड लोन:देवरिया में तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित तीन पर धोखाधड़ी का केस


देवरिया जिले के सलेमपुर कस्बे में नकली सोना गिरवी रखकर 1.89 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। न्यायालय के आदेश पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित तीन आरोपियों पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला सलेमपुर स्थित आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड शाखा से जुड़ा है। आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर निवासी पवन कुमार गोंड ने 11 जनवरी को इस शाखा से सोना गिरवी रखकर 1.89 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। कंपनी के क्षेत्रीय प्रमुख हरकेश योगी ने आरोप लगाया है कि 16 फरवरी 2022 को हुए आंतरिक ऑडिट में पता चला कि गिरवी रखा गया सोना नकली था। इसके बाद कंपनी ने सलेमपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामला लंबित रहने पर कंपनी ने न्यायालय का रुख किया। न्यायालय के आदेश के बाद सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक अभिषेक प्रताप राव, तत्कालीन उपशाखा प्रबंधक राजकमल तिवारी और ऋण लेने वाले पवन कुमार गोंड के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *