जौहर विश्वविद्यालय के प्रथम सेमेस्टर छात्रों को बड़ी राहत:गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में मिलेगा प्रवेश, 20 जुलाई से विशेष पंजीकरण


मुरादाबाद। जौहर विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को बड़ी राहत मिली है। विश्वविद्यालय की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) ने ऐसे विद्यार्थियों को अपने संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश देने का निर्णय लिया है। इसके लिए 20 जुलाई से विशेष पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रामपुर के जिलाधिकारी ने जौहर विश्वविद्यालय की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी से छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने का अनुरोध किया था। इस पर विचार करने के बाद जीजेयू प्रशासन ने यह विशेष व्यवस्था करने का फैसला किया है। जीजेयू में नए सत्र के लिए सामान्य पंजीकरण 15 जुलाई को समाप्त हो चुके हैं और महाविद्यालयों में सीट लॉक करने की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद, जौहर विश्वविद्यालय के छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसके लिए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश ले चुके विद्यार्थियों के लिए अलग से पंजीकरण खोले जाएंगे। पंजीकरण पूरा करने के बाद छात्र जीजेयू से संबद्ध किसी भी महाविद्यालय में निर्धारित नियमों के तहत प्रवेश ले सकेंगे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जौहर विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले प्रथम सेमेस्टर के छात्रों की पढ़ाई आगे नहीं चल पाती है, तो उनकी जमा फीस वापस कराने की प्रक्रिया रामपुर प्रशासन द्वारा कराई जाएगी। हालांकि, जीजेयू में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की निर्धारित पंजीकरण और प्रवेश शुल्क अलग से जमा करना होगा। वहीं, जौहर विश्वविद्यालय के द्वितीय, तृतीय और अन्य सेमेस्टर के विद्यार्थियों को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। इन छात्रों के स्थानांतरण और आगे की पढ़ाई की व्यवस्था पर प्रवेश काउंसिलिंग समिति अलग से फैसला करेगी। गौरतलब है कि जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को अवैध घोषित किए जाने के बाद उन्हें ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विकास प्राधिकरण ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को भवन हटाने के लिए 20 दिन का समय दिया है। इसी कारण वहां अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई थी, जिसके समाधान के लिए प्रथम सेमेस्टर के छात्रों के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *