मुजफ्फरनगर में ईंट भट्‌ठे पर गुंडागर्दी का VIDEO:4–5 युवकों ने गिराकर लाठी, डंडों और बेल्ट से पीटा, कपड़े फाड़े


मुज़फ्फरनगर के के तितावी थाना क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्‌ठे पर युवक के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सामने आए वीडियो में 4 से 5 लोग एक युवक को लाठी, डंडों और बेल्ट से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। मारपीट इतनी बर्बर थी कि पीड़ित के कपड़े तक फट गए और वह खुद को बचाने की लगातार कोशिश करता रहा। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि हमलावर लगातार पीड़ित पर लात-घूंसे, बेल्ट और डंडों से हमला कर रहे हैं। इस दौरान आरोपी उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मां-बहन की गालियां भी देते सुनाई दे रहे हैं। मारपीट के बीच एक अन्य युवक पीड़ित को बचाने के लिए आगे आता है और बीच-बचाव की कोशिश करता है, लेकिन हमलावर उसकी एक नहीं सुनते और पीड़ित की पिटाई जारी रखते हैं। कुछ देर बाद पीड़ित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर जाता है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला पुलिस के संज्ञान में आते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी जांच कराई। सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि जांच में पता चला कि वायरल वीडियो 10 मई 2026 का है और यह थाना तितावी क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्टे का है। जांच में पीड़ित की पहचान शान मोहम्मद निवासी दधेड़ू, थाना चरथावल के रूप में हुई है। आरोप है कि शहजाद ने अपने 4–5 साथियों के साथ मिलकर किसी विवाद के चलते उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। सीओ ने बताया कि घटना पुरानी होने के बावजूद वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर थाना तितावी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध वीडियो, प्रत्यक्ष साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *