हरदोई में हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा जगन्नाथ रथ:बलभद्र और सुभद्रा संग प्रमुख मार्गों पर निकली यात्रा


हरदोई में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की रथयात्रा निकाली गई। ओडिशा की विश्वविख्यात रथयात्रा की तर्ज पर आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ‘महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी सेवा समिति’ और ‘ओमर वैश्य समाज, हरदोई’ के तत्वावधान में यह यात्रा शाम 6 से 7 बजे के बीच रामदत्त चौराहे से वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शुरू हुई। रथयात्रा रामदत्त चौराहा, बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा और गांधी तिराहा होते हुए रेलवेगंज स्थित हनुमान मंदिर चौराहे पर पहुंची। यात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई और पूरा शहर ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा। देखें, 3 तस्वीरें… यात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके, भाजपा नेता भानु प्रताप सिंह और विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद, पेयजल, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया। शहर के व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठान छोड़कर महाप्रभु के दर्शन किए और यात्रा का स्वागत किया। रथयात्रा में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। बजरंग दल के पदाधिकारियों सहित सीए दिवाकर गुप्ता, सुनील ओमर, अनिल ओमर, ज्ञानचंद ओमर, राज कपूर ओमर, राम ओमर, दिनेश ओमर, अलका ओमर और शालिनी ओमर समेत समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस बल मार्ग पर तैनात रहा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी। आयोजन समिति ने इसे सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और जनआस्था का उत्सव बताया। समिति ने सभी श्रद्धालुओं, प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *