![]()
मेरठ में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर 21 जुलाई को जिला मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया है। यह निर्णय भोला झाल पर आयोजित जिला समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसमें जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और किसान शामिल हुए। बैठक में किसानों ने खाद की उपलब्धता, गन्ना भुगतान, बिजली के बढ़े हुए भार, तहसीलों में भ्रष्टाचार और लोक निर्माण विभाग से जुड़े मामलों को प्रमुखता से उठाया। किसानों का आरोप था कि कई बार ज्ञापन देने और किसान दिवस में मुद्दे उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। बैठक में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 21 जुलाई को जिला मुख्यालय का घेराव कर प्रशासन से जवाब मांगा जाएगा। बैठक में संघर्ष तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि समितियों पर खाद वितरण में अनियमितताएं हुई हैं, किसानों को जरूरत के मुताबिक खाद नहीं मिल रही है और गन्ना भुगतान भी लंबित है। उनका यह भी कहना था कि जिलाधिकारी से मिलने के लिए समय मांगने पर भी किसानों को मुलाकात नहीं मिल पाती। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता ओमवीर सिंह ने की, जबकि संचालन तहसील अध्यक्ष मोनू टिकरी और हर्ष चाहल ने किया। बैठक में मेजर सुरेंद्र, सतबीर सिंह, संजय सिंह, रामफल शर्मा, वेदपाल प्रधान, हाजी काशी समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
भाकियू टिकैत 21 जुलाई को करेगी जिला मुख्यालय का घेराव:मेरठ में आगामी रणनीति को लेकर जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने की समीक्षा बैठक