गोरखपुर में बिरयानी शॉप पर FSDA का बड़ा एक्शन:जांच में नहीं मिला फूड लाइसेंस, लैब रिपोर्ट में मिली गड़बड़ी तो होगी सख्त कार्रवाई


गोरखपुर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (FSDA) ने बुधवार की शाम 4 बजे रेलवे स्टेशन के सामने स्थित ‘आलम मुरादाबादी हैदराबादी चिकन बिरयानी’ शॉप पर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने दुकान पर छापेमारी कर चिकन बिरयानी के सैंपल लिए और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया। विभाग को शिकायत मिली थी कि बिरयानी में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक फूड कलर का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि परोसे जा रहे मीट की क्वालिटी भी संदिग्ध है। FSDA टीम ने मौके पर तैयार हो रही बिरयानी और अन्य खाद्य सामग्री की जांच की। प्रारंभिक जांच में बिरयानी में फूड कलर का इस्तेमाल मिला, जिसके बाद अधिकारियों ने सैंपल सील कर प्रयोगशाला भेज दिए। अब लैब रिपोर्ट से तय होगा कि इस्तेमाल किया गया रंग खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है। फूड लाइसेंस नहीं मिला छापेमारी के दौरान एक और बड़ी अनियमितता सामने आई। जांच टीम को दुकान का वैध फूड लाइसेंस नहीं मिला। इस पर विभाग ने संचालक के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बिना लाइसेंस फूड बिजनेस चलाना नियमों का सीधा उल्लंघन है और ऐसे मामलों में कार्रवाई तय है। सहायक खाद्य आयुक्त सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में हानिकारक फूड कलर, खराब गुणवत्ता वाले मीट या खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के किसी भी प्रावधान के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ एफएसएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने समेत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरे प्रतिष्ठान भी विभाग के रडार पर FSDA अधिकारियों का कहना है कि शहर में मिलावटी असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड आउटलेट्स की भी लगातार जांच की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *