![]()
सहारनपुर में शादी के रिश्ते कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का सदर बाजार थाना और साइबर क्राइम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने किया। एसपी सिटी ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को कोर्ट रोड स्थित गिल कॉलोनी में संचालित एक संदिग्ध कार्यालय की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने दूसरी मंजिल पर छापा मारा। वहां कई कंप्यूटर सिस्टम, लैपटॉप और मोबाइल फोन के जरिए शादी के रिश्ते कराने के नाम पर लोगों से संपर्क किया जा रहा था। जांच में पता चला कि “Perfect Rishtey Proprietor” नाम से वेबसाइट संचालित कर लोगों को झांसे में लिया जाता था। रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूली, इंटरनेट से भेजते थे लड़कियों की फोटो पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सूरज मरावी, निवासी मुंगेली (छत्तीसगढ़) ने बताया कि गिरोह में 8 से 9 युवतियां काम करती थीं। वे ग्राहकों को फोन कर शादी का रिश्ता दिलाने का भरोसा देती थीं। इसके बाद ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर खाते में रुपये जमा करा लिए जाते थे। यदि कोई ग्राहक लड़की से बात करने या फोटो की मांग करता था, तो कार्यालय में मौजूद युवतियों से बात कराई जाती और इंटरनेट से डाउनलोड की गई तस्वीरें भेज दी जाती थीं। भुगतान मिलते ही ग्राहक का नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था। कॉल सेंटर से भारी मात्रा में उपकरण बरामद पुलिस ने मौके से 16 कीपैड मोबाइल, 3 एंड्रॉयड फोन, एक लैपटॉप, 9 कंप्यूटर सिस्टम, बायोमैट्रिक डिवाइस, एचडीएफसी बैंक के दो क्यूआर कोड, चेकबुक, रसीदें, प्रचार सामग्री, प्रिंटर और वाई-फाई डिवाइस समेत अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में सदर बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के मुख्य संचालक समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Source link
शादी के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़:सहारनपुर में फर्जी वेबसाइट से लोगों को फंसाते थे, 1 गिरफ्तार; कॉल सेंटर से कंप्यूटर-मोबाइल बरामद