![]()
मुजफ्फरनगर शहर की चर्चित ‘रोलिंग पिन केक शॉप’ पर सोमवार अपराह्न करीब 4 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर विभिन्न प्रकार के केक के नमूने एकत्र किए। यह कार्रवाई केक में मिलावट की शिकायत मिलने के बाद की गई। सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। खाद्य विभाग की खाद्य निरीक्षक अर्चना धीरान ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर टाउन हॉल रोड स्थित मालवीय चौक की रोलिंग पिन केक शॉप के केक में मिलावट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। कार्रवाई के दौरान दुकान पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर उपलब्ध विभिन्न फ्लेवर के केक के नमूने लेकर उन्हें अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया।
खाद्य निरीक्षक ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। यदि रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत मिलने पर विभाग तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई करता है।
Source link
मुजफ्फरनगर में केक शॉप पर खाद्य विभाग का छापा:मिलावट की शिकायत पर लिए सैंपल, IGRS पर हुई थी शिकायत