औरैया में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत में लगा जाम:आधे घंटे तक फंसी रहीं दो एंबुलेंस, मरीजों को पहुंचाने में हुई देरी


औरैया-दिबियापुर मार्ग पर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के स्वागत कार्यक्रम के दौरान भीषण जाम लग गया। तुर्कीपुर स्थित भाजपा कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान घायलों को लेने जा रही दो एंबुलेंस भी करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रहीं। जाम में फंसे एंबुलेंस चालकों ने लगातार सायरन बजाया और लोगों से रास्ता देने की अपील की। उन्होंने बताया कि उन्हें कखावतू क्षेत्र में ऑटो पलटने की घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाना है। आरोप है कि भीड़ के कारण एंबुलेंस को समय पर रास्ता नहीं मिल सका, जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाने में देरी हुई। भाजपा कार्यालय के सामने जुटी थी भीड़ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर ही मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्रीय अध्यक्ष के काफिले में दो दर्जन से अधिक वाहन शामिल होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को भी उठानी पड़ी परेशानी जाम के कारण आम राहगीरों, स्कूल से लौट रहे बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और अन्य वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी और लंबे इंतजार के चलते लोग परेशान नजर आए। आधे घंटे बाद खुला रास्ता काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस जाम से निकल सकीं। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि स्वागत कार्यक्रम के दौरान पहले से प्रभावी यातायात व्यवस्था की गई होती, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *