बारिश के बाद उमस ने बढ़ाई मेरठवासियों की मुश्किलें:चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल,अगले कुछ दिन तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार


मेरठ में पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के बाद मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में तापमान तो सामान्य के करीब बना हुआ है, लेकिन लोगों को उमस से राहत नहीं मिल रही है। रविवार को दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही, जबकि बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी बनी रही। इसका असर यह रहा कि चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन दोपहर चढ़ते ही तेज धूप निकलने से उमस काफी बढ़ गई और लोगों को पसीने से राहत नहीं मिली। वहीं सोमवार को भी दिन की शुरूआत इसी प्रकार हुई। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिक होने के कारण पसीना जल्दी सूख नहीं रहा है, जिससे लोग दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस कर रहे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही रही, लेकिन उमस के चलते लोग छांव और ठंडी जगहों की तलाश करते नजर आए। दोपहिया वाहन चालकों और बाहर काम करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली की खपत भी बढ़ी रही क्योंकि अधिकांश घरों और प्रतिष्ठानों में कूलर व एसी लगातार चलते रहे। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन नमी अधिक रहने के कारण उमस से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन में धूप और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी तथा तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। ऐसे में लोगों को फिलहाल गर्मी से ज्यादा उमस का सामना करना पड़ सकता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *