प्रयागराज में 11 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ युवक अरेस्ट:यूपी से ट्रेन में शराब लेकर बिहार जाता था, महंगे दाम पर बेचता था


प्रयागराज के छिवकी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को एक युवक को 11 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब लेकर ट्रेन के जरिए बिहार जाता था। वहां इसे महंगे दाम पर बेचता था। बरामद शराब की कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है। प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में मिला युवक रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में तस्करी व आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 12 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:35 बजे जीआरपी चौकी छिवकी के प्रभारी उपनिरीक्षक अजय यादव और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन पर गश्त कर रही थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हावड़ा की ओर बने अंतिम छोर पर एक बेंच के पास युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। टीम ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो उसके आसमानी रंग के बैग से अंग्रेजी शराब की 11 बोतलें बरामद हुईं। 750 एमएल की 11 बोतलें बरामद पकड़े गए युवक की पहचान शशांक जायसवाल (37), पुत्र स्वर्गीय संतोष जायसवाल, निवासी चक गरीब दास, मामा-भांजा का तालाब, नैनी, प्रयागराज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बैग से मिली बोतलों पर ‘8 पीएम स्पेशल ब्लेंड ऑफ स्कॉच एंड इंडियन ग्रेन व्हिस्की’ लिखा था। प्रत्येक बोतल 750 मिलीलीटर की थी। बोतलों पर केवल उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए होने का उल्लेख भी था। आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन से शराब लेकर बिहार जाता था और वहां ऊंचे दाम पर बेचता था। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ जीआरपी प्रयागराज थाने में मुकदमा दर्ज किया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई रेलवे अधिकारियों के पर्यवेक्षण और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान में जीआरपी और आरपीएफ की सीआईबी यूनिट के जवान भी शामिल रहे। रेलवे पुलिस के अनुसार, ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *