![]()
सोनभद्र पुलिस ने सोशल मीडिया पर ड्रोन के जरिए चोरी, रेकी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी अफवाहों को लेकर जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। एसपी वर्मा ने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाकर लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह अपील पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में की जा रही है, जिसका उद्देश्य जनपदवासियों को जागरूक करना है। हाल के दिनों में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कुछ असामाजिक तत्व सामान्य इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों, रोशनी वाले उड़ने वाले उपकरणों अथवा अन्य प्रकाशयुक्त वस्तुओं को ड्रोन बताकर लोगों में भ्रम और दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी अपुष्ट सूचनाएं कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकती हैं। पुलिस ने जनपदवासियों से आग्रह किया है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या सोशल मीडिया पर वायरल संदेश पर भरोसा न करें। यदि कहीं कोई संदिग्ध ड्रोन, उड़ने वाली वस्तु या अन्य असामान्य गतिविधि दिखाई देती है, तो तत्काल स्थानीय पुलिस, यूपी-112 अथवा निकटतम थाने को सूचना दें। अभिषेक वर्मा ने यह भी कहा कि पुलिस हर सूचना की गंभीरता से जांच करेगी। हालांकि, उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना पुलिस को दें, लेकिन अफवाहों के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अभद्रता, मारपीट या कानून अपने हाथ में लेने जैसी हरकत न करें।
Source link
सोनभद्र पुलिस ने ड्रोन अफवाहों पर सतर्क रहने को कहा:चोरी, रेकी की भ्रामक सूचनाओं पर कार्रवाई की चेतावनी