![]()
आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के आलोक नगर में शराब के ठेके को लेकर रविवार दोपहर 3 बजे महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में एकत्रित महिलाओं ने ठेके के बाहर जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख ठेका संचालक मौके से दुकान बंद कर भाग निकला। महिलाओं का आरोप था कि ठेके पर रोजाना खुलेआम शराब का सेवन किया जाता है, जिससे आसपास का माहौल खराब रहता है। यहां आने वाले लोग महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। ट्यूशन जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और फब्तियां कसने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे परिजन खासे चिंतित हैं।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पास में मंदिर होने के बावजूद यहां शराब का ठेका संचालित किया जा रहा है, जो धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है। उनका कहना है कि यह ठेका अवैध रूप से चल रहा है और संचालक के पास लाइसेंस व जरूरी कागजात नहीं हैं। जब भी ठेका हटाने की मांग की जाती है, तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं।
क्षेत्रीय पार्षद रेनू गुप्ता ने बताया कि महिलाओं की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई बार प्रशासन से ठेका हटाने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वहीं स्थानीय निवासी अंजना ने बताया कि ठेके की वजह से इलाके का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया है। महिलाओं और बच्चियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल ठेका हटाने की मांग की है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा ठेका खोला गया तो आंदोलन उग्र रूप ले सकता है।
Source link
आगरा में शराब के ठेके पर महिलाओं का हंगामा:बोली-खुले आम पीते हैं शराब, महिला और छात्राओं पर करते हैं कमेंट