राम चंद्र सैनी | फतेहपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

फतेहपुर के सदर तहसील में एक कानूनगो का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में कानूनगो बेल (जमानत) वेरिफिकेशन के नाम पर एक फरियादी से 1000 रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति बेल वेरिफिकेशन कराने के लिए सदर तहसील पहुंचा था। आरोप है कि कानूनगो ने रिपोर्ट लगाने के एवज में 1000 रुपये की मांग की। वायरल वीडियो में फरियादी कानूनगो को रुपये देते हुए नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने संबंधित कानूनगो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो कब का है। इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग ने जांच शुरू कर दी है। सदर तहसील के तहसीलदार अमरेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित कानूनगो के खिलाफ विभागीय एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सत्यता स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
