मथुरा में कार सवार की दहशत:लिफ्ट देने के बहाने छात्राओं से छेड़छाड़ – अपहरण की कोशिश, मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी


मथुरा में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ व अपहरण का प्रयास करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी ने एक के बाद एक 5 थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ और फिर उनके अपहरण के प्रयास की वारदात को अंजाम दिया। 3 दिन में 5 अलग अलग थाना क्षेत्र में हुई वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने जब आरोपी की तलाश की तो पता चला यह सभी घटनाएं एक ही कार चालक द्वारा की गई हैं। इन थाना क्षेत्र में हुई वारदात मथुरा के बलदेव, महावन, गोवर्धन, कोतवाली और जैंत थाना क्षेत्रों में छात्राओं के साथ लिफ्ट देने के बहाने छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास की घटनाओं ने दहशत फैला दी । पुलिस जांच में सामने आया है कि पांचों घटनाओं में एक ही नंबर की सफेद कार का इस्तेमाल किया गया। आरोपी की पहचान कर ली गई और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। पैदल जा रही थी छात्रा सबसे गंभीर घटना बलदेव थाना क्षेत्र में सामने आई। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, 8 जुलाई की दोपहर वह कॉलेज से पैदल अपने घर लौट रही थी। दाऊजी के हनुमान तिराहे से आगे बंबा रोड पर पहुंचने पर सफेद रंग की कार संख्या UP-85 CK-4534 उसके पास आकर रुकी। चालक ने उसे गांव तक छोड़ने की बात कही, लेकिन छात्रा ने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने जबरन उसका हाथ पकड़कर कार में खींच लिया, मोबाइल और बैग छीनकर पीछे की सीट पर फेंक दिया तथा विरोध करने पर गला दबाने की धमकी दी। छात्रा की सूझबूझ से टली वारदात छात्रा ने साहस का परिचय देते हुए चलती कार का स्टीयरिंग दूसरी ओर मोड़ दिया, जिससे कार हनुमान तिराहे पर लगे पोल से टकरा गई। टक्कर लगते ही छात्रा शोर मचाते हुए कार से बाहर निकलकर भाग गई, जबकि आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। इसी तरह की वारदात महावन थाना क्षेत्र में आरोपी ने करने का प्रयास किया लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। पुलिस ने खंगाले 50 से ज्यादा CCTV कैमरे घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र के 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि इसी कार और चालक ने महावन, गोवर्धन, कोतवाली तथा जैंत थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग दिनों में छात्राओं को लिफ्ट देने का झांसा देकर छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देना शुरू कर दिया। पुलिस पर किया फायर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को शुक्रवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि छेड़खानी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी गोवर्धन का रहने वाला ओमप्रकाश उर्फ भुरा यमुना एक्सप्रेस वे के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस जब वहां पहुंची तो ओमप्रकाश ने मौके से भागने का प्रयास करने के लिए पुलिस पर फायर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने फायरिंग की जिसमें दो गोली उसके दोनों पैरों में लग गई। घायल हुए ओमप्रकाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं 9 मुक़दमे मुठभेड़ में घायल हुए ओमप्रकाश के खिलाफ पहले भी बलात्कार,छेड़खानी,मारपीट,अपहरण,लूट और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के मुक़दमे दर्ज हैं। 35 साल का आरोपी ओमप्रकाश वर्तमान में भागवत प्रवक्ता का रूप रखकर घूमता था। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना नंबर की बाइक,तमंचा और कारतूस बरामद किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *