![]()
फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में जनपद में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाने का प्रयास करें। डॉ. लाठर ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने ग्राम पंचायतों में नियमित साफ-सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा बैठक में अधिकारियों को विकासखंड स्तर पर आयोजित ग्राम सभा की बैठकों के जियो टैगिंग फोटो और वीडियो उपलब्ध कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी सामुदायिक शौचालय खुले रहें और उन पर तैनात केयरटेकर को समय पर भुगतान किया जाए। सामुदायिक शौचालयों के नियमित उपयोग, साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिन ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी कार्य प्रगति पर हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करने और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड स्तर पर नामित ग्राम समितियों को ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक प्रबंधन हेतु जागरूकता संदेश प्रसारित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने आरआरसी केंद्रों के संचालन में संतोषजनक कार्य न करने वाली कार्यदाई संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, 15 दिनों के भीतर विकासखंड बढ़पुर की ग्राम पंचायत याकूतगंज, विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत सितवनपुर पितू और विकासखंड शमशाबाद की ग्राम पंचायत रम्पुरा की गौशालाओं में बायोगैस प्लांट को क्रियाशील करने का सख्त निर्देश दिया गया।
Source link
जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की:जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान को सफल बनाने पर दिया जोर