![]()
आगरा के सुभाष बाजार हादसे को 48 घंटे गुजर चुके हैं। इसके बाद भी हादसे में लापता हुई 60 वर्षीय महिला गंगा देवी का पता नहीं चला है। हादसे के बाद से ही बाजार बंद है। महिला की तलाश में नगर निगम ने अब नाले में जेसीबी मशीन उतार दी है। फायर ब्रिगेड की टीम को भी लगाया गया है। वहीं, 48 घंटे से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद परिजनों का धैर्य भी जवाब दे रहा है। कई बार गुस्से का उबाल आया लेकिन पुलिस के समझाने पर समझ भी गए। अब विस्तार से पढ़िए…
बुधवार दोपहर को बारिश के दौरान सुभाष बाजार जामा मस्जिद के पीछे नाले के ऊपर राधा स्वामी क्लॉथ स्टोर नाम से बनी दो मंजिला कपड़े की दुकान भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दुकानदार तुलाराम, उनका पौत्र कृष्णा, एक कर्मचारी लाला के अलावा खरीदारी करने आईं सैंया के नगला तेजा निवासी लखनऊ में तैनात सिपाही अनीता, उनकी मां गंगा देवी और डेढ़ साल की बेटी अनन्या दब गईं। बुधवार को बारिश के दौरान नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। ऐसे में दुकान नाले में समा गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के व्यापारी नाले की तरफ दौड़े और कुछ ही देर में महिला सिपाही और उसकी बेटी को बाहर निकाल लिया। बाद में तुलाराम को भी निकाल लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से कृष्णा और लाल को भी बाहर निकाल लिया। गंगा देवी का अब तक नहीं चल सका है। बुधवार रात लगभग एक बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इसके बाद रोक दिया गया। गुरुवार सुबह 6 बजे से फिर से महिला की तलाश शुरू की गई। तब तक महिला के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। गुरुवार को भी सुबह से देर रात तक तलाश जारी रही। मगर, महिला का सुराग नहीं लगा। इसके बाद शुक्रवार सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। नगर निगम द्वारा नाले के अंदर जेसीबी मशीन को उतारा गया। मशीन मलबा हटाकर महिला तलाश कर रही है।
इस बीच लगभग एक किमी के दायरे में नाले को खंगाला गया। घटनास्थल से लेकर यमुना में खुल रहे नाले के मुहाने तक सफाई कर्मचारियों ने इसे खंगाला। जेसीबी से कई जगह कचरा भी हटाया। इस बीच प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन आदि विभागों की टीमें डेरा डाले रहीं। बाजार खोलने पर हंगामा गुरुवार सुबह तक महिला का सुराग नहीं लगा तो परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। गुरुवार सुबह 10 बजे जब कुछ दुकानदारों ने बाजार खोलने का प्रयास किया तो परिजनों ने हंगामा कर दिया। मौके पर मौजूद महिलाओं ने रोते-बिलखते जाम लगाने की कोशिश की। मगर, पुलिसकर्मियों के समझाने पर वे रुक गईं। इधर, घटना के बाद से सुभाष बाजार बंद है।
Source link
सुभाष बाजार हादसे में 48 घंटे बाद भी महिला लापता:नाले में जेसीबी मलबा हटा रही, परिजनों ने किया हंगामा, तीसरे दिन भी बाजार बंद