![]()
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा से पहले एक बार फिर ‘नेम प्लेट’ विवाद सुर्खियों में आ गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर सही नाम लिखने की बात कही। मंत्री ने कहा – श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ढाबे का नाम गणेश हो और अंदर नॉनवेज परोसा जा रहा हो तो ऐसा नहीं चलेगा। अगर कोई नॉनवेज परोसता है तो वो ढाबे में लिख दे कि यहां नॉनवेज मिलता है, ताकि किसी की आस्था से खिलवाड़ न हो। हजारों भक्त कांवड़ लेकर यहां से निकलते हैं। उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ न हो। मंत्री का ये बयान गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे सामने आया है। मंत्री ने आगे कहा कि हर वर्ष करोड़ों शिवभक्त कांवड़ लेकर हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर जाते हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं। यह सौभाग्य की बात है और सभी का दायित्व है कि कांवड़ यात्रियों का सम्मान किया जाए। उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े। केवल कांवड़ यात्रा तक सीमित न रहें नेम प्लेट विवाद पर मंत्री ने कहा कि यह केवल कांवड़ यात्रा तक सीमित विषय नहीं है। मुजफ्फरनगर से होकर गुजरने वाला यही मार्ग हरिद्वार, ऋषिकेश, बदरीनाथ सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों तक जाता है। ऐसे में देशभर से आने वाले श्रद्धालु अपने परिवार के साथ यात्रा करते हैं और धार्मिक यात्रा के दौरान खान-पान को लेकर विशेष सतर्कता बरतते हैं। कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि कई लोग सामान्य दिनों में भले ही शाकाहारी न हों, लेकिन धार्मिक यात्रा के दौरान पूरी तरह सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। ऐसे में यदि किसी होटल या ढाबे के नाम और वहां मिलने वाले भोजन के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है तो यह उचित नहीं है। गौरतलब है कि पिछले गत वर्षों में कांवड़ यात्रा के दौरान होटल और ढाबों पर नेम प्लेट लगाने का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना था। इस बार भी यात्रा से पहले मंत्री के इस बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं के केंद्र में आ गया है।
Source link
ढाबे का नाम गणेश, अंदर नॉनवेज…ये नहीं चलेगा:मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं