संभल में शादी के 9 महीने बाद युवती की मौत:मायके वालों ने गला घोंटकर हत्या का आरोप लगाया, ससुराल पक्ष फरार


संभल में शादी के 9 महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस को निजी अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। महिला की मौत गुरुवार रात 8 बजे हुई थी। यह घटना संभल जिले की चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव चाटन की है। मृतक महिला की पहचान 20 वर्षीय राजकली पत्नी रवि कुमार के रूप में हुई है। गुन्नौर तहसील के धनारी थाना क्षेत्र के गांव लहरपुर निवासी नेका सिंह ने अपनी बेटी राजकली की शादी 22 नवंबर 2025 को रवि कुमार के साथ की थी। मायके पक्ष को बुधवार रात 12 बजे राजकली की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई थी। हालांकि, मृतक के ताऊ ने इस सूचना से लगभग एक घंटे पहले ही फोन पर अपनी भतीजी से बात की थी और उसे घर लाने की बात कही थी। राजकली के भाई राजेश कुमार ने बताया कि उनके ताऊ ने बहन से बात की थी कि वे उसे लेने आ रहे हैं। इसके एक घंटे बाद उन्हें खबर मिली कि राजकली की तबीयत ठीक नहीं है। राजेश ने आरोप लगाया कि उन्हें सीधे तौर पर यह नहीं बताया गया कि उनकी बहन की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि जब उन्हें कॉल आई, तब वे सोनीपत में थे। राजेश के अनुसार, उन्हें पहले बहजोई के कैलाश अस्पताल में राजकली की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई। बाद में उन्हें संभल के देविका मशीन अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली। वहां पहुंचने पर राजेश ने अपनी बहन के गले पर दाग देखे। उन्होंने कहा कि ससुराल वाले चुन्नी से फांसी लगाने की बात कह रहे थे, लेकिन उन्हें यह रस्सी से फांसी लगाए जाने जैसा लगा। गुरुवार की रात 10:30 बजे थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है और अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *