नोएडा में स्कूली बच्चों को कार ने मारी टक्कर:3 बच्चे और एक महिला घायल, चालक मौके से फरार


ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित पंचशील ग्रीन-2 सोसायटी के बाहर बुधवार सुबह स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चला रही महिला सोसायटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकल रही थी। गेट से बाहर आते समय कार का संतुलन बिगड़ गया और ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबने से कार अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद स्कूटी बच्चों पर जा गिरी। हादसे के बाद महिला मौके से फरार हो गई। स्कूटी से टकराने के बाद बच्चों पर गिरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सोसायटी के गेट से निकलते ही अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकराई, जिससे स्कूटी उछलकर स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों पर जा गिरी। हादसे में तीन बच्चे और एक महिला घायल हो गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया। हादसे के बाद बच्चों के अभिभावकों और सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सुबह के समय बड़ी संख्या में बच्चे यहां स्कूल बस का इंतजार करते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। मोबाइल फोन इस्तेमाल करने का आरोप सोसायटी के कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के दौरान कार चला रही महिला का ध्यान मोबाइल फोन पर था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी तक पुष्टि नहीं की है। बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग स्थानीय निवासियों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान सोसायटी के बाहर ट्रैफिक नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *