सोनभद्र पुलिस ने नकली शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया:पंजाब से लेकर आए 25 लाख की सामग्री बरामद, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार


सोनभद्र पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतर्राज्यीय नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की शराब निर्माण सामग्री बरामद की है। इसमें 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, कैरेमल, फ्लेवरिंग एसेंस, 36 हजार खाली कांच की बोतलें और एक ट्रेलर वाहन शामिल हैं। पुलिस ने हरियाणा के दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि 5 जुलाई को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बट्ट स्थित मामा ढाबा परिसर में खड़े एक ट्रेलर (संख्या NL-01AA-9920) में अवैध शराब बनाने की सामग्री होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग करते हुए ट्रेलर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान, पुलिस ने 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, 46 किलोग्राम कैरेमल, 5 लीटर फ्लेवरिंग एसेंस और यूनाइटेड स्पिरिट ब्रांड के 160 पैकिंग टेप बरामद किए। इसके अतिरिक्त, लगभग 36,000 खाली शराब की कांच की बोतलें भी मिलीं। जब्त किए गए ट्रेलर की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे पंजाब के खन्ना (लुधियाना) से शराब निर्माण सामग्री लेकर बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित हरिहरगंज जा रहे थे। वहां स्पिरिट, कैरेमल और फ्लेवरिंग एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार की जाती थी। इस नकली शराब को नामी कंपनियों के रैपर और पैकेजिंग में भरकर बिहार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि परिवहन के लिए उपयोग की गई बिल्टी और अन्य दस्तावेज फर्जी थे। यह गिरोह एक ही पंजीकरण संख्या का इस्तेमाल कई वाहनों में करता था। पूरे नेटवर्क का संचालन व्हाट्सएप कॉल के जरिए किया जाता था, और रास्ते के खर्च व टोल टैक्स के लिए संचालक फोन-पे के माध्यम से पैसे भेजते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरिओम पंवार (39 वर्ष) और दिनेश पंवार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों हरियाणा के झज्जर जिले के शालावास थाना क्षेत्र स्थित खाचरोली गांव के निवासी हैं। पुलिस ने रॉबर्ट्सगंज थाने में आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले अन्य आरोपियों की भी तलाश में जुटी है। यह कार्रवाई नकली शराब के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *