मेरठ में मामूली टक्कर के बाद दो भाइयों पर हमला:12 युवकों ने बाइक सवारों को बेहोश होने तक पीटा, अस्पताल में भर्ती


मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद में रविवार देर रात एक मामूली सड़क हादसा हिंसक झड़प में बदल गया। स्कूटी से टक्कर के बाद स्कूटी सवार ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद करीब 12 युवकों ने बाइक सवार दो भाइयों को इतनी बेरहमी से पीटा कि वे बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सराय बहलीम निवासी हमजा पुत्र हमाद ने पुलिस को बताया कि शनिवार/रविवार की दरमियानी रात करीब दो बजे वह अपने ममेरे भाई समीर के साथ बाइक से अपनी मां की दवा लेने इस्लामाबाद गया था। मेडिकल स्टोर के पास उनकी बाइक की एक स्कूटी से टक्कर हो गई। इस मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया था। हमजा के अनुसार, विवाद शांत होने के बाद स्कूटी सवार ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में पांच-छह स्कूटियों पर सवार करीब 12 युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों भाइयों को घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। हमलावर तब तक मारपीट करते रहे, जब तक दोनों बेहोश नहीं हो गए। घटना की सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर फरार हो गए थे। गंभीर हालत में दोनों घायलों हमजा और समीर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। होश में आने के बाद हमजा ने पुलिस को दी तहरीर में पुन्नू, आसिफ, विशाल, फराज उर्फ काला और जीशान समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। हमजा का आरोप है कि नामजद शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *