मेरठ जेल में बंदी पर नुकीली वस्तु से हमला:खेत में काम के दौरान हुई घटना, मेडिकल कॉलेज रेफर


मेरठ के चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में रविवार को दो बंदी गुटों के बीच हुए विवाद में एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल परिसर के खेतों में काम के दौरान एक बंदी ने दूसरे की गर्दन पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। घायल बंदी मोजा को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कई बंदी जेल प्रशासन की निगरानी में खेतों में काम कर रहे थे। किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान एक बंदी ने नुकीली वस्तु से मोजा की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी गर्दन की नस कटने से काफी खून बह गया। जेलकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों गुटों को अलग किया। घायल बंदी को पहले जेल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। इस घटना ने जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कड़ी निगरानी और नियमित तलाशी के बावजूद जेल के अंदर नुकीली वस्तु कैसे पहुंची, यह एक बड़ा प्रश्न है। जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद जेल प्रशासन ने संबंधित बैरकों और बंदियों की तलाशी शुरू कर दी है। हमले में प्रयुक्त वस्तु की तलाश की जा रही है और अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं। जेल प्रशासन ने बताया कि दोनों बंदियों के बीच विवाद के कारणों और नुकीली वस्तु के जेल में पहुंचने के तरीके की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *