संभल में पीएसी वाहिनी के लिए 23 हेक्टेयर जमीन खरीदी:ग्रामीणों ने डेढ़ हेक्टेयर भूमि का बैनामा नहीं कराया, अफसर ने अधिग्रहण की चेतावनी दी


संभल में 24वीं पीएसी वाहिनी की स्थापना के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया जारी है। शनिवार को कोट पूर्वी स्थित निबंधक कार्यालय में उपसेना नायक डॉ. अनूप सिंह की उपस्थिति में ग्रामीणों से जमीन का बैनामा कराया गया। इस दौरान 10 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी भूमि का पंजीकरण कराया। यह प्रक्रिया शाम 6:30 बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। उपसेना नायक डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि दातावली और ऐदलपुर में 24वीं वाहिनी पीएसी के लिए कुल 24.5 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी थी। इसमें से अब तक 23 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर लिया गया है और सभी संबंधित किसानों को मुआवजा भी दिया जा चुका है। हालांकि, लगभग 1.5 हेक्टेयर से कम भूमि का बैनामा अभी बाकी है, जिसके लिए कुछ किसान आगे नहीं आ रहे हैं। डॉ. सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे अपने संबंधित लेखपाल से मिलकर पीएसी के नाम अपनी भूमि का बैनामा करा दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो ग्रामीण बैनामा नहीं कराएंगे, उनकी जमीनें अधिग्रहण कानून के तहत ली जाएंगी। डॉ. अनूप सिंह ने बताया कि पीएसी की स्थापना के लिए कुल 24.174 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी है, जिसके लिए शासन से 60 करोड़ 88 लाख 20 हजार 800 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें लगभग साढ़े तीन बीघा सरकारी जमीन भी शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि 0.406 हेक्टेयर भूमि के लिए पहले पैसा स्वीकृत नहीं था, जिसके लिए बाद में 1 करोड़ 60 लाख 15 हजार 143 रुपये अतिरिक्त जारी किए गए। भूमि खरीद प्रक्रिया के दौरान लेखपाल ओमकार गोंड भी मौजूद रहे। कस्बा हयातनगर निवासी खुर्शीद पुत्र अम्मन खान ने बताया कि उन्होंने गांव दातावली में प्रस्तावित पीएसी लाइन के लिए लगभग एक एकड़ जमीन दी है। सड़क के निकट की जमीन के लिए 20 लाख रुपये प्रति एकड़ और पीछे की जमीन के लिए 12.5 लाख रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा दिया जा रहा है। उनकी एक एकड़ जमीन की कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है, जिसमें कुछ हिस्सा सड़क के किनारे और कुछ पीछे की तरफ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *