![]()
चित्रकूट में समाजवादी पार्टी के सदर विधायक अनिल प्रधान को जान से मारने की धमकी मिलने से जिले की सियासत में हलचल मच गई है। विधायक ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल फोन पर लगातार 40 बार कॉल कर अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने शुक्रवार रात 9:23 बजे से करीब 12 बजे तक विधायक के मोबाइल पर लगातार कॉल किए। पहले सामान्य कॉल की गईं, फिर व्हाट्सएप कॉल और वीडियो कॉल के जरिए भी संपर्क करने की कोशिश की गई। विधायक अनिल प्रधान ने बताया कि हर बार फोन उठाने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए धमकियां देता रहा। आरोपी ने कहा कि उसे विधायक की पूरी दिनचर्या की जानकारी है और वह जानता है कि वे किस समय घर से निकलते हैं। धमकी में कहा गया, “तुम्हारी दिनचर्या पता है, कितने बजे निकलते हो। जल्द मरवा दूंगा, विधायकी धरी रह जाएगी।” लगातार मिल रही धमकियों से विधायक और उनके समर्थकों में चिंता का माहौल है। मामले में समाजवादी पार्टी कार्यालय के प्रभारी राजेश कुमार ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मानिकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर कल्याण निवासी 50 वर्षीय रामविश्वास और मोबाइल नंबर 8828279995 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी दुर्गविजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसओजी और सर्विलांस टीम को सौंप दी गई है। प्रारंभिक जांच में संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन नवी मुंबई मिली है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। फिलहाल शुरुआती जांच में इसे किसी सिरफिरे व्यक्ति की हरकत माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
Source link
सपा विधायक अनिल प्रधान को 40 धमकी भरे कॉल:चित्रकूट में अज्ञात व्यक्ति ने दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज