![]()
गोंडा जिले में शैक्षणिक दस्तावेजों में जन्मतिथि की हेराफेरी के आरोप में एक सफाईकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन ने आज शनिवार 4 जुलाई को देर शाम 6 बजे सफाईकर्मी राम भवन तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। राम भवन तिवारी विकास खंड-छपिया के राजस्व ग्राम-पुरेपाण्डेय, गोंडा में तैनात थे। उनके खिलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया कि उनके तीन अलग-अलग शैक्षणिक दस्तावेजों में तीन भिन्न जन्मतिथियां दर्ज हैं। जनता इंटर कॉलेज, कौड़िया बाजार, गोंडा के अभिलेखों में उनकी जन्मतिथि 10 जून 1969 है। आदर्श सांग्वेद संस्कृत उ०मा० विद्यालय, इमिलिया गुरुदयाल, गोंडा के दस्तावेजों में यह 10 जून 1979 पाई गई। वहीं, उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ के अंक पत्र और नियुक्ति के समय प्रस्तुत व्यक्तिगत पत्रावली में उनकी जन्मतिथि 1 जून 1979 अंकित है। शैक्षणिक अभिलेखों में विरोधाभासी जन्मतिथियों के कारण राम भवन तिवारी को प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और हेराफेरी का दोषी पाया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सहायक विकास अधिकारी (पंचायत),विकास खंड-पंडरीकृपाल के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), विकास खंड-तरबगंज, गोंडा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे कर्मचारी के खिलाफ आरोप-पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करें और 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट डीपीआरओ को सौंपें। डीपीआरओ जीडी जैन ने बताया कि नियुक्ति के समय अलग और शैक्षिक दस्तावेजों में अलग जन्मतिथि की शिकायत मिली थी। हेराफेरी सामने आने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच में यदि यह साबित होता है कि गलत तरीके से नौकरी हासिल की गई है, तो वेतन की रिकवरी भी की जाएगी।
Source link
गोंडा में सफाईकर्मी निलंबित, दस्तावेजों में मिलीं 3 जन्मतिथि:विभागीय जांच के आदेश, जन्म तिथि में हेराफेरी कर नौकरी हासिल करने का आरोप