साध्वी निरंजन ज्योति का महोबा में तुलादान:राम मंदिर चंदा विवाद पर बोलीं- दोषी बख्शे नहीं जाएंगे


महोबा में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति का महोबा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उनका फलों से तुलादान किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर चंदा विवाद पर कहा कि इसमें गड़बड़ी करने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और मुख्यमंत्री उन्हें कड़ी सजा देंगे। साध्वी निरंजन ज्योति राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार महोबा पहुंची थीं। शहर के टूरिस्ट बंगले में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। साध्वी निरंजन ज्योति ने इस स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उन्हें दबे-कुचलों तथा ओबीसी समाज के हक की आवाज उठाने का जो दायित्व दिया है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगी। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कड़ा रुख अपनाया। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। इस मामले में एसआईटी जांच कर रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने बुंदेलखंड के विकास को गति देने वाले कबरई-कानपुर एक्सप्रेसवे की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि विधायक रहते हुए उन्होंने इस सड़क के लिए आंदोलन भी किए थे। यह एक्सप्रेसवे खनन क्षेत्र में होने वाले हादसों को रोकने और कानपुर-भोपाल के सफर को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अवसर पर उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनीं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के अस्पताल में साथ दिखने वाले वीडियो पर उन्होंने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते किसी बीमार व्यक्ति से मिलना स्वाभाविक है। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में जनता ही सर्वोच्च है और वही तय करेगी कि देश और प्रदेश की कमान किसे सौंपी जाए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *