लखनऊ में 3 से 5 जुलाई तक आम महोत्सव:हरदोई के 370 किसान होंगे शामिल, CM योगी करेंगे शुभारंभ


लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 से 5 जुलाई 2026 तक ‘आम महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में हरदोई जनपद के 370 प्रगतिशील किसान बड़े स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में महोत्सव का शुभारंभ करेंगे, जबकि उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। गुरुवार की दोपहर जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया कि हरदोई के किसानों की भागीदारी चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित की गई है। महोत्सव के पहले दिन, 3 जुलाई को जनपद से 150 किसान लखनऊ रवाना होंगे। समापन के दिन, 5 जुलाई को करीब 200 किसानों का दल इस महोत्सव में प्रतिभाग करेगा। किसान अपने खास आमों के उत्कृष्ट नमूनों की प्रदर्शनी लगाएंगे और आकर्षक स्टॉल भी स्थापित करेंगे।
हरदोई के आम बागवानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए एक विशेष पहल की गई है। महोत्सव के दूसरे दिन, 4 जुलाई को लखनऊ के जनभवन प्रांगण में ‘मैंगो बायर-सेलर मीट’ का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें हरदोई जनपद के 20 चुनिंदा प्रगतिशील कृषक हिस्सा लेंगे। यह बैठक किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि यहां उन्हें देश-विदेश के बड़े आम खरीदारों से सीधे बातचीत करने, व्यापारिक संबंध बनाने और अपने फलों की उचित कीमत पाने का मंच मिलेगा। जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के सभी आम उत्पादक कृषकों से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *